बिहार चुनाव : महागठबंधन की झोली में 97 सीटें, 81 पर आगे (लीड-1)

नई दिल्ली, 8 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को जारी मतगणना में शाम छह बजे तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली महागठबंधन ने 97 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है, जबकि 81 सीटों पर आगे चल रही है।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, महागठबंधन में शामिल जनता दल (युनाइटेड) ने पहली जीत बांका जिले के अमरपुर विधानसभा सीट से दर्ज की। यहां से जद (यू) के जनार्दन मांझी ने जीत दर्ज की। मांझी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार मृणाल शेखर को 11,773 वोटों के अंतर से हराया। मांझी को 73,707 वोट मिले। मांझी ने 2010 के विधानसभा चुनाव में भी जीत दर्ज की थी।

अब तक जद (यू) को 37 सीटों पर जीत मिल चुकी है, जबकि 34 सीटों पर उसके उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) राज्य में फिर से सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर रही है। उसे 37 सीटों पर जीत मिल चुकी है और 43 सीटों पर उसके उम्मीदावर आगे चल रहे हैं।

राजद और जद (यू) के साथ चुनाव लड़ रही कांग्रेस को अब तक 14 सीटों पर जीत मिल चुकी है, जबकि 13 सीटों पर वह आगे चल रही है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को अब तक 29 सीटों पर जीत मिली है, जबकि 30 सीटों पर उनके उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं।

भाजपा 25 सीटों पर जीत चुकी है, जबकि 28 सीटों पर आगे चल रही है। पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी की हिंदुस्तान अवाम मोर्चा (धर्मनिरपेक्ष) सिर्फ एक सीट जीत सकी है, जो खुद मांझी की झोली में गया है। वहीं अन्य सहयोगी दलों में लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) को एक सीट पर जीत मिल चुकी है, जबकि दो पर उसके प्रत्याशी आगे हैं। वहीं राष्ट्रीय लोक समता पार्टी को दो सीटों पर जीत मिल सकी है।

अन्य को दो सीटों पर जीत मिल चुकी है और दो पर आगे चल रहे हैं, जिनमें भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्‍सवादी-लेनिनवादी) (लिबरेशन) को दो सीटों पर जीत मिली है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493