नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस)। ‘पानी दा रंग’, ‘ओ हीरिए’ और ‘मिट्टी दी खुशबू’ जैसे प्रचलित गानों से अपनी गायकी का लोहा मनवा चुके अभिनेता, गायक आयुष्मान खुराना ने कहा है कि पाश्र्व गायक बॉलीवुड का अभिन्न हिस्सा हैं और गायक बन रहे अभिनेताओं से उन्हें कोई खतरा नहीं है।
सलमान खान, सोनाक्षी सिन्हा और आलिया भट्ट जैसे कई अभिनेता, अभिनेत्रियों ने अभिनय के साथ ही फिल्मों के लिए अपनी गायकी की पारी की भी शुरुआत कर दी है।
आयुष्मान ने आईएएनएस को कहा, “विशुद्ध गायक हमेशा वही रहेंगे। बेशक अभिनेता, अभिनेत्रियों का अपने किरदारों के लिए खुद अपनी आवाज देना शानदार है, लेकिन अरिजीत सिंह और सोनू निगम जैसे पाश्र्व गायकों का स्थान कोई नहीं ले सकता।”
आयुष्मान एक अच्छे अभिनेता के साथ ही एक अच्छे गायक के रूप में भी अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुके हैं।
आयुष्मान ने कहा, “यह अच्छा है कि हर कोई गा रहा है। मुझे भी अपने गानों की रचना खुद करना और खुद ही लिखना पसंद है। मैं शौकिया नहीं, एक पेशेवर गायक हूं।”
dharmpath.com dharmpath