श्रीनगर, 11 नवंबर (आईएएनएस)। अलगाववादियों की ओर से विरोधस्वरूप जुलूस का आह्वान किए जाने की वजह से बुधवार को श्रीनगर में प्रतिबंध लगाया गया है।
एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए परिमपोरा, मैसूमा, क्रालखुद, एम.आर. गंज, सफाकादल, नौहट्टा, खनयार और रैनावाड़ी इलाके में प्रतिबंध लगाया गया है।”
कट्टरपंथी वरिष्ठ अलगाववादी नेता सैयद अली गिलानी ने सुरक्षाबलों के साथ सात नवंबर को हुई झड़प में मारे गए युवक गौहर अहमद डार (22) की मौत के विरोध में उसके घर तक जुलूस निकालने का आह्वान किया है।
डार सुरक्षाबलों के साथ हुई झड़प में एक आंसू गैस के गोले की चपेट में आकर घायल हो गया था और बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया था।
श्रीनगर में अलगाववादी बंद के आह्वान के चलते बुधवार को दुकानें, सार्वजनिक परिवहन और अन्य कामकाज बंद रहा।
अलगाववादी नेता गिलानी, मीरवाइज उमर फारूक, मुहम्मद यासीन मलिक, शबीर शाह, आसिया अंद्राबी और अन्यों को एहतियातन नजरबंद रखा गया है।
dharmpath.com dharmpath