हेलसिंकी, 12 नवंबर (आईएएनएस)। फिनलैंड के आतंरिक मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि फिनलैंड लगभग दो-तिहाई शरणार्थी आवेदन अस्वीकार करेगा।
आंतरिक मंत्रालय के स्थायी सचिव पेवी नेर्ग के अनुमान के मुताबिक, लगभग 60-65 फीसदी शरणार्थी आवेदनों को नामंजूर कर दिया जाएगा। नर्ग ने फिनलैंड के राष्ट्रीय प्रसारक ‘यले’ को दिए एक साक्षात्कार में यह कहा।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, नेर्ग ने कहा कि पिछले तीन-चार महीनों में शरण की आस में फिनलैंड पहुंचने वाले लोगों की संख्या के आधार पर यह अनुमान लगाया गया है।
हालांकि आवेदनों की प्रक्रिया को अतिरिक्त कार्यबल के जरिए निपटाया जा रहा है। सभी आवेदनों के लिए प्रक्रिया अगले छह महीनों में पूरी कर ली जाएगी।
मंत्रालय के अनुसार शरण के लिए फिनलैंड आने वालों की संख्या हाल ही में फिर बढ़ रही है। अक्टूबर में अस्थायी कमी के बाद पिछले साप्ताहांत 776 शरण चाहने वालों का नामांकन किया गया था। उनमें से अधिकांश अफगानिस्तान से आए थे।
‘फिनिश आव्रजन सेवा’ के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष अब तक 27,000 शरण चाहने वाले फिनलैंड पहुंच चुके हैं।
आंतरिक मंत्रालय ने कहा कि यूरोप में शरण के लिए पहुंचने वालों में संख्या के अनुपात में फिनलैंड में चौथे नम्बर पर सबसे ज्यादा लोग पहुंचे हैं।
नेर्ग के मुताबिक, नव आगंतुकों के लिए फिनलैंड को 10,000 से भी अधिक आवास सीटों की जरूरत है।
मंत्रालय ने स्वीकार किया कि स्वागत केंद्रो के प्रबंधन के लिए फिनलैंड में पर्याप्त प्रशिक्षित एनजीओ और कंपनियां नहीं है।
dharmpath.com dharmpath