पटना, 12 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की करारी हार के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शत्रुघन सिन्हा अपनी ही पार्टी पर लगातार निशाना साध रहे हैं।
अभिनेता ने एकबार फिर हार की जिम्मेदारी तय करने की नसीहत पार्टी को दी।
शत्रुघ्न ने गुरुवार को मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवारी से संबंधित रिपोर्ट पर सफाई देते हुए ट्वीट कर कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री उम्मीदवार बनाए जाने की बात कभी नहीं कही।
बिहार चुनाव परिणाम के बाद मीडिया में खबरें आई थी कि शत्रुघ्न ने मुख्यमंत्री उम्मीदवार न बनाए जाने को लेकर निराशा जाहिर की थी।
शत्रुघ्न ने बयान को गलत तरीके से दिखाए जाने के लिए मीडिया को दोष देते हुए ट्वीट किया, “मीडिया में मेरा यह बयान दिखाया गया कि अगर मुझे मुख्यमंत्री उम्मीदवार बनाया जाता तो नतीजे अलग होते, जबकि मैंने ऐसा बिलकुल नहीं कहा था।”
उन्होंने आगे लिखा, “मुख्यमंत्री के तौर पर उम्मीदवारी की मैंने कभी अपेक्षा नहीं की। मेरा बस यही कहना था कि अगर प्रचार अभियान में मुझे भी शामिल किया जाता, तो कुछ अच्छा हो सकता था।”
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में लिखा, “पूरी ईमानदारी, निष्ठा और प्रयासों के बावजूद ‘बिहारी बाबू’ को अपने लोगों के लिए प्रचार अभियान करने से दूर रखा गया। मैं राज्यसभा सांसद नहीं हूं, बल्कि जनता द्वारा चुना गया हूं। बिहार की जनता मेरा समर्थन करती है और मैं दो बार रिकार्ड मतों से लोकसभा चुनाव जीता हूं।”
‘बिहारी बाबू’ के नाम से चर्चित शत्रुघ्न ने पार्टी को नसीहत देते हुए कहा, “अब परिणाम आ चुके हैं तो हमें हार की जिम्मेदारी सुनिश्चित करने से भागना नहीं चाहिए।”
dharmpath.com dharmpath