तिरुवनंतपुरम, 13 नवंबर (आईएएनएस)। लंदन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के असहिष्णुता से संबंधित बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए केरल में कांग्रेस की प्रदेश इकाई ने शुक्रवार को कहा कि मोदी असहिष्णुता के नाम पर पाखंड बंद करें।
केरल कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष वी.एम.सुधीरन ने शुक्रवार को यहां जारी बयान में कहा, “हम सभी ने गुरुवार को मोदी को लंदन में असहिष्णुता के बारे में भाषण देते सुना। यह पाखंडी बयानों का सबसे सटीक उदाहरण है, क्योंकि लंदन में वह असहिष्णुता के बारे में बात कर रहे हैं जबकि भारत में उनकी गतिविधियों से असहिष्णुता बढ़ रही है।”
सुधीरन ने कहा, “मोदी लंदन में असहिष्णुता की बात करते हैं, जबकि हम ज्ञानपीठ पुरस्कार विजेता गिरीश कर्नाड को मिली मौत की धमकियों के बारे में सुन चुके हैं। हम भारतीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के मुखपत्र ‘ऑर्गेनाइजर’ में केरलवासियों के आत्म-सम्मान पर सवाल उठाने वाला लेख भी पढ़ चुके हैं। यह मोदी का पाखंड है।”
केरल में कांग्रेस की दो दिवसीय बैठक के कुछ घंटों बाद ही मोदी के खिलाफ सुधीरन का यह बयान सामने आया है। इस बैठक में हाल ही में निकाय चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन का विश्लेषण किया गया।
dharmpath.com dharmpath