असम में जादू-टोना के शक में युवक की हत्या

सिल्चर, 13 नवंबर (आईएएनएस)। असम के काचर जिले में चाय बागान के मजदूरों ने कथित तौर पर जादू-टोना करने के आरोप में जनजाति समुदाय के एक युवक (29) की हत्या कर दी।

एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को कहा, “चाय बागान के सैकड़ों मजदूरों ने उज्जल हजाम की हत्या कर दी। स्थानीय चाय बागान के मजदूरों का युवक पर कालाजादू करने का शक था, जिसके कारण कथित तौर पर कई लड़कियां मानसिक तौर पर बीमार हो गई थीं।”

उन्होंने कहा कि उज्जल की सहायता करने वाला एक अन्य युवक मनमोहन बोक्का उस वक्त भाग निकलने में कामयाब रहा, जब भीड़ ने गुरुवार रात हमला किया।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि उज्जल के पिता ने स्थानीय लक्ष्मीपुर पुलिस थाने में हमलावरों के खिलाफ एक मामला दर्ज कराया है।

असम, त्रिपुरा व पूर्वोत्तर के अन्य दूरदराज के ग्रामीण इलाकों में खासकर महिलाओं पर जादू टोना करने का आरोप लगाकर उनका उत्पीड़न जारी है।

त्रिपुरा में पिछले कुछ वर्षो के दौरान जादू टोना करने के शक में 50 से अधिक लोगों (ज्यादातर महिलाएं) का उत्पीड़न किया गया और पीट-पीटकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493