गुड़गांव, 15 नवंबर (आईएएनएस)। विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के वरिष्ठ नेता अशोक सिघल की हालत गंभीर बनी हुई है।
उनकी देखभाल करने वाले एक चिकित्सक ने रविवार को नाम नहीं जाहिर करने की शर्त पर आईएएनएस को बताया कि मेदांता-द मेडिसिटी अस्पताल में शुक्रवार रात सिंघल को भर्ती कराया गया। उन्हें सघन चिकित्सा कक्ष में जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है।
संजय मित्तल के नेतृत्व में चिकित्सकों का एक दल उनका इलाज कर रहा है।
एक सूत्र ने आईएएनएस को बताया, “सिंघल का हृदय और किडनी संबंधी समस्याओं के लिए इलाज किया जा रहा है। उन्हें सांस लेने में भी तकलीफ हो रही है।”
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह, सिंघल का हालचाल जानने के लिए शनिवार को अस्पताल पहुंचे। अस्पताल पहुंचने वाले अन्य लोगों में केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह और वीएचपी नेता प्रवीण तोगड़िया भी शामिल हैं।
सिंघल को लगभग 15 दिन पहले भी अस्पताल में भर्ती किया गया था, लेकिन उनकी हालत में कुछ सुधार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी।
उन्हें शुक्रवार को तबीयत बिगड़ने के बाद दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वीएचपी की ओर से शनिवार को जारी बयान के मुताबिक, “चिकित्सों का कहना है कि उनकी हालत गंभीर है और उनके स्वास्थ्य की निरंतर जांच की जा रही है।”
dharmpath.com dharmpath