इंफोसिस पुरस्कार विजेताओं के नाम घोषित

बेंगलुरू, 18 नवंबर (आईएएनएस)। इंफोसिस साइंस फाउंडेशन (आईएसएफ) ने बुधवार को छह श्रेणियों में इंफोसिस पुरस्कार 2015 के विजेताओं की घोषणा की। इन श्रेणियों में इंजीनियरिंग एवं कंप्यूटर विज्ञान, मानविकी, जीवन विज्ञान, गणितीय विज्ञान, भौतिक विज्ञान और सामाजिक विज्ञान शामिल हैं।

यहां जारी एक बयान के अनुसार, प्रत्येक श्रेणी के लिए पुरस्कार में 65 लाख रुपये नकद राशि, 22 कैरेट गोल्ड मेडल और प्रशस्ति पत्र शामिल है।

विजेताओं का चयन प्रख्यात वैज्ञानिकों और दुनियाभर के प्रोफेसरों के निर्णायक मंडल द्वारा किया गया है।

बयान में कहा गया है कि छह श्रेणियों के निर्णायक मंडल के अध्यक्ष इस प्रकार हैं : इंजीनियरिंग एवं कंप्यूटर विज्ञान के लिए प्रो. प्रदीप के. खोसला (युनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया सैन डिएगो), मानविकी के लिए प्रो. अमर्त्य सेन (हॉर्वर्ड विश्वविद्यालय), जीवन विज्ञान के लिए डॉ. इंदर वर्मा (साल्क इंस्टीट्यूट ऑफ बायोलॉजिकल साइंसेज), गणितीय विज्ञान के लिए प्रो. श्रीनिवास एस. आर. वर्धन (न्यूयार्क युनिवर्सिटी), भौतिक विज्ञान के लिए प्रो. श्रीनिवास कुलकर्णी (कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी) और सामाजिक विज्ञान के लिए प्रो. कौशिक बसु (वल्र्ड बैंक)।

बयान के अनुसार, इंजीनियरिंग एवं कंप्यूटर विज्ञान श्रेणी के विजेता हैं जवाहरलाल नेहरू सेंटर फॉर एडवांस्ड साइंटिफिक रिसर्च (जेएनसीएएसआर), बेंगलुरू के थियोरेटिकल साइंसेज यूनिट के प्रो. उमेश वाघमारे।

मानविकी श्रेणी के विजेता हैं न्यूयार्क युनिवर्सिटी के ग्लोबल नेटवर्क विजिटिंग प्रोफेसर ऑफ फिलॉसफी और किंग्स कॉलेज लंदन के डिपार्टमेंट ऑफ फिलॉसफी के रीकरेंट विजिटिंग प्रोफेसर प्रो. जोनार्डन गनेरी।

जीवन विज्ञान श्रेणी के विजेता हैं इंटरनेशनल सेंटर फॉर जेनेटिक इंजीनियरिंग एंड बायोटेक्नोलॉजी (आईसीजीईबी), नई दिल्ली के स्ट्रक्च रल एंड कंप्यूटेशनल बायोलॉजी ग्रुप के डॉ. अमित शर्मा।

गणितीय विज्ञान श्रेणी के विजेता हैं रामकृष्ण मिशन विवेकानंद युनिवर्सिटी, बेलूर मठ, हावड़ा के गणित के एसोसिएट प्रोफेसर महान महाराज।

भौतिक विज्ञान श्रेणी के विजेता हैं टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च (टीआईएफआर), मुंबई के डिपार्टमेंट ऑफ न्यूक्लियर एंड एटॉमिक फिजिक्स (डीएनएपी) के प्रोफेसर जी. रवीन्द्र कुमार।

सामाजिक विज्ञान श्रेणी के विजेता हैं सेंटर फॉर पॉलिसी रिसर्च, नई दिल्ली के सीनियर फेलो डॉ. श्रीनाथ राघवन।

इंफोसिस साइंस फाउंडेशन के ट्रस्टी बोर्ड के अध्यक्ष एस. डी. शिबूलाल ने कहा, “हमने शोध के रोमांच को पुन: पेश करने के लिए इंफोसिस साइंस फाउंडेशन की स्थापना की और इंफोसिस पुरस्कार शुरू किया। फाउंडेशन ने विभिन्न पहलों के जरिए वैज्ञानिक सोच की संस्कृति को प्रोत्साहित करने पर लगातार जोर दिया है।”

इंफोसिस पुरस्कार 2015 के लिए पुरस्कार वितरण समारोह नई दिल्ली में 13 फरवरी, 2016 को आयोजित किया जाएगा, जिसमें राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी विजेताओं को सम्मानित करेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493