भोपाल, 20 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित अन्य जगहों पर शुक्रवार सुबह मौसम साफ रहा। हवा में ठंडक थी। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में कोहरा छाने की संभावना जताई है।
राज्य में बीते 24 घंटों के दौरान ठंडी हवाओं का जोर बढ़ने से तापमान में गिरावट आई है। रायसेन में न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान मुरैना, भिंड, छतरपुर, टीकमगढ़, पन्ना, सतना व रीवा में कोहरा छाने की संभावना जताई है। राज्य के शेष हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा।
मध्य प्रदेश में न्यूनतम तापमान में गिरावट का क्रम बना हुआ है। राजधानी भोपाल में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री, इंदौर में 15 डिग्री, ग्वालियर में 10.2 डिग्री और जबलपुर में 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, गुरुवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री, इंदौर में 28.8 डिग्री, ग्वालियर में 30.2 डिग्री और जबलपुर में 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath