लखनऊ, 20 नवम्बर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद कौशल किशोर को आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) ओर से जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी देने वाले ने खुद को आईएस का आतंकवादी बताया है।
सांसद को भेजे एसएमएस में लिखा गया है, “अबे-बीजेपी के एमपी तू मरने के लिए तैयार हो जा। मैं आतंकवादी संगठन आईएसआईएस के लिए काम करता हूं। मैं लखनऊ आकर तेरी हत्या करूंगा। मेरा नाम भैया लाल है, तहसील चंडीला का रहने वाला हूं।”
एसएमएस के अंत में “आईएसआईएस जिंदाबाद और अल्लाह-हो-अकबर” लिखा है। भाजपा सांसद ने बताया कि ये धमकी वाला एसएमएस शुक्रवार को आया। इसकी जानकारी उन्होंने एसएसपी को दे दी है।
कौशल किशोर उत्तर प्रदेश के मोहनलालगंज से लोकसभा सांसद हैं। उनके पास पूर्वान्ह 11.40 बजे एक धमकी भरा एसएमएस आया।
सांसद ने बताया कि मोबाइल नंबर 9984505288 से धमकी वाला एसएमएस आया है। इसमें यह भी लिखा है कि मैं तुझे तेरे इलाके में घुस कर मारूंगा।
इस बारे में एसएसपी राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि सांसद की तरफ से शिकायत आई है। स्थानीय पुलिस को कौशल किशोर की सुरक्षा के लिए सतर्क कर दिया गया है। मोबाइल नम्बर सर्विलांस पर लेकर पुलिस छानबीन कर रही है। जल्द ही एसएमएस भेजने वाले को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath