तिरूवनंतपुरम, 20 नवंबर (आईएएनएस)। केरल के गृहमंत्री रमेश चेन्निथला ने फेसबुक पर एक पोस्ट में मीडिया में आई उन खबरों को खारिज किया, जिसके मुताबिक उन्होंने पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष वी.एम.सुधीरन की शिकायत की।
चेन्निथला ने शुक्रवार दोपहर फेसबुक के अपने पेज पर लिखा, “मीडिया में खबरें आई हैं कि मैंने सुधीरन के खिलाफ शिकायत की है, जो निराधार व झूठी है। जब भी मैं दिल्ली गया, मैंने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की और राज्य के हालात से उन्हें अवगत कराया और यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि मीडिया ने हमारी मुलाकात को तोड़-मरोड़कर पेश किया।”
उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव के परिणाम वैसे नहीं रहे, जिसकी उम्मीद कांग्रेस ने की थी।
उन्होंने पोस्ट में कहा, “यह शिकायत करने का समय नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि कांग्रेस पार्टी एकजुट हो और आगे बढ़े। मुख्यमंत्री ओमन चांडी, सुधीरन और मैं जल्द ही 14 जिलों के कांग्रेस अध्यक्षों से मुलाकात करेंगे और पार्टी को मजबूत करने की रणनीति पर काम करेंगे।”
केरल में कांग्रेस के एक धड़े का नेतृत्व करने वाले गृह मंत्री इस सप्ताह की शुरुआत में दिल्ली में थे। इस दौरान उन्होंने सोनिया गांधी से मुलाकात की। इस बारे में गृह मंत्री का कहना है कि मीडिया ने हमारी मुलाकात को तोड़-मरोड़कर पेश किया।
केरल में कांग्रेस लंबे समय से गुटबाजी से जूझ रही है। वर्तमान में पार्टी की कमान चांडी के हाथ में है, जिनका दोनों गुट अनुसरण कर रहे हैं।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने केरल में पार्टी का नेतृत्व करने के लिए पिछले साल सुधीरन का चयन किया था, जिसके बाद से ही चांडी व चेन्निथला दोनों उनसे जलभुन गए और उन्हें किनारे लगाने के प्रयास में लगे हैं।
dharmpath.com dharmpath