पीटर पर शीना की हत्या का आरोप, सीबीआई हिरासत में भेजा गया (लीड-1)

मुंबई, 20 नवंबर (आईएएनएस)। पूर्व मीडिया कारोबारी पीटर मुखर्जी को अपनी सौतेली बेटी शीना बोरा के अपहरण और हत्या में कथित तौर पर शामिल होने के मामले में शुक्रवार को सोमवार तक के लिए सीबीआई हिरासत में भेज दिया गया।

अभियोजन पक्ष के वकील ने कहा कि केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) पीटर को हिरासत में लेना चाहता है “क्योंकि उससे जांच में यह पूछा जाना है कि क्या वह शीना बोरा की हत्या की साजिश में शामिल था।”

स्टार समूह का पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीटर इस मामले में चौथा आरोपी है। उसे गुरुवार को गिरफ्तार किया गया था। इससे पहले उसकी पत्नी इंद्राणी मुखर्जी को अपने पूर्व पति संजीव खन्ना और ड्राइवर श्यामवर राय के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है।

मुंबई की महानगर दंडाधिकारी अदालत ने इन तीनों को शुक्रवार को तीन दिसंबर तक के लिए सीबीआई की न्यायिक हिरासत में भेजा।

सीबीआई ने पीटर पर भी वही धाराएं लगाई हैं जो इन तीनों पर लगाई गई हैं। इन धाराओं का संबंध अपहरण, हत्या, आपराधिक साजिश, साक्ष्यों को मिटाना, हत्या का प्रयास और कुछ अन्य से है।

शीना बोरा की हत्या की वजह का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।

जांचकर्ताओं का कहना है कि शीना बोरा (24) की हत्या 24 अप्रैल, 2012 को गला दबाकर की गई थी। उसके शव को रायगढ़ जिले के गागोड गांव के पास जंगल में ले जाया गया था। इसे पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश की गई थी।

एक महीने बाद 23 मई को एक स्थानीय ग्रामीण ने झाड़ियों में अधजला शव पाया था।

उस वक्त रायगढ़ पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज नहीं की थी। इस मामले की अलग से जांच चल रही है।

हत्या के तीन साल बाद फोरेंसिक और अन्य परीक्षणों ने पुष्टि कर दी कि जंगल में मिले अवशेष शीना के ही थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493