भोपाल, 21 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के झाबुआ-रतलाम लोकसभा और देवास विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए शनिवार को मतदान हो रहे हैं। कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच मतदान को लेकर मतदाताओं में उत्साह है।
झाबुआ संसदीय क्षेत्र और देवास विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में मतदान के लिए शनिवार की सुबह से ही मतदाताओं की कतारें मतदान केंद्रो के बाहर नजर आने लगी है। ठंड होने के बावजूद सुबह के समय बड़ी संख्या में मतदाता मतदान केंद्रों तक पहुंचे।
झाबुआ से सांसद दिलीप सिंह भूरिया और देवास के विधायक तुकोजीराव पंवार के निधन के कारण उपचुनाव हो रहा है। दोनों ही स्थानों पर भाजपा का कब्जा था। उपचुनाव में झाबुआ में कांग्रेस और भाजपा के बीच हो रहे मुकाबले को जनता दल (युनाइटेड) ने त्रिकोणीय बना दिया है। वहीं देवास में कांग्रेस व भाजपा के बीच सीधी टक्कर है।
निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों निर्वाचन क्षेत्र में सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। मतदान-केन्द्र पर भी सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारी और सुरक्षाकर्मी लगातार क्षेत्र में गश्त लगा रहे हैं। इसके अलावा जिलों में बने नियंत्रण कक्ष के जरिये भी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी सलीना सिंह ने रतलाम लोकसभा एवं देवास विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं से अपने मताधिकार का उपयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक चुनाव संपन्न कराने की व्यवस्था की है।
dharmpath.com dharmpath