बिहार : नीतीश ने की कानून-व्यवस्था की समीक्षा

पटना, 21 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को राज्य की कमान संभालते ही वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए राज्य में कानून-व्यवस्था के हालात की समीक्षा की। उन्होंने राज्य के वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों से बात की और कहा कि कानून-व्यवस्था के मामले में कोई समझौता नहीं होगा।

ढाई घंटे से ज्यादा समय तक चली बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों से बात की और कई आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “विधि-व्यवस्था को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ भी विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को स्पष्ट कहा गया है कि विधि-व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार का समझौता नहीं होगा।”

बैठक में शामिल एक अधिकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने आला अधिकारियों से कहा कि वे अधिकारियों का मूल्यांकन काम के आधार पर करें। उन्होंने कई अधिकारियों को खरी-खोटी भी सुनाई। चर्चा है कि कानून-व्यवस्था को चुस्त बनाने के लिए नीतीश जल्द ही कुछ अधिकारियों का तबादला भी कर सकते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493