अहमदाबाद, 22 नवंबर (आईएएनएस)। गुजरात में निकाय चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान रविवार सुबह शुरू हो गया, जो शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। इन चुनावों के तहत 572 नगरपालिका वार्डो में से प्रत्येक में चार उम्मीदवारों का चुनाव किया जाएगा। यह चुनाव दो चरणों में होना है।
राज्य के 13,000 मतदान केंद्रों पर रविवार सुबह आठ बजे मतदान शुरू हो गया। इस दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बलों के साथ राज्य के पुलिसकर्मी भी सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद हैं। मतदान के शुरुआती एक घंटे के दौरान राज्य में किसी तरह की अप्रिय घटना की कोई जानकारी नहीं है।
इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में तकनीकी गड़बड़ी की वजह से वड़ोदरा मतदान केंद्र पर लगभग 20 मिनट तक मतदान बाधित रहा, जबकि अहमदाबाद के मतदान केंद्र पर एक व्यक्ति के बेहोश होने की सूचना है।
पहले चरण में छह नगर निगमों के लिए चुनाव हो रहे हैं, जिसमें 95 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिन नगर निगमों में मतदान हो रहे हैं, उनमें अहमदाबाद, वडोदरा, राजकोट, सूरत, जामनगर और भावनगर शामिल हैं।
भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने अहमदाबाद के खानपुर क्षेत्र में बने मतदान केंद्र पर वोट डाला, जिसके बाद मतदान में तेजी दर्ज की गई।
dharmpath.com dharmpath