कुआलालंपुर घोषणा-पत्र पर हस्ताक्षर के गवाह बने मोदी (लीड-1)

कुआलालंपुर, 22 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने मलेशिया यात्रा के दूसरे दिन यहां आसियान के संदर्भ में दो प्रमुख घोषणा-पत्रों पर हस्ताक्षर के गवाह बने।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्वीट कर बताया, “इतिहास बनते देखा। प्रधानमंत्री मोदी आसियान सम्मेलन के निर्माण के लिए कुआलालंपुर घोषणा-पत्र पर हस्ताक्षर के दौरान मौजूद थे।”

मोदी के अलावा जापान के प्रधानमंत्री शिंजो अबे, दक्षिण कोरिया की राष्ट्रपति पार्क ग्येन हे और चीन के प्रधानमंत्री ली केकियांग की मौजूदगी में आसियान समुदाय के निर्माण के लिए कुआलालंपुर घोषणा-पत्र और आसियान 2025 : फोर्जिग अहेड टुगेदर घोषणा-पत्र पर हस्ताक्षर हुए।

स्वरूप ने ट्वीट कर बताया, “आर्थिक साझेदारी पर साथ मिलकर संभावनाओं की तलाश। नेताओं ने क्षेत्रीय समग्र आर्थिक साझेदारी (आरसीईपी) पर साझा बयान जारी किए।”

प्रधानमंत्री मोदी ने दो देशों की पांच दिवसीय यात्रा के दौरान 13वें एशिया-भारत सम्मेलन और 10वें पूर्व एशिया सम्मेलन में हिस्सा लिया। इस दौरान शनिवार को आसियान देशों के साथ व्यापार को बढ़ावा देने के लिए एक अरब डॉलर का कर्ज देने का ऐलान किया और जल्द ही 10 सदस्य देशों के नागरिकों को इलेक्ट्रॉनिक वीजा देने का वादा किया।

दक्षिण-पूर्वी एशियाई देशों के संघ (आसियान) में ब्रूनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, म्यांमार, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड और वियतनाम शामिल हैं।

मोदी ने वैश्विक निवेश समुदाय को भारत में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि उन्हें देश की तेज विकास दर, मजबूत बुनियादी ढांचों और निरंतर सुधार से लाभ होगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493