अफगानिस्तान सुलह प्रक्रिया शुरू करने पर पाकिस्तान, अमेरिका सहमत

इस्लामाबाद, 22 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान और अमेरिका ने अफगानिस्तान की रुकी हुई सुलह प्रक्रिया को फिर से शुरू करने के लिए साथ मिलकर काम करने पर सहमति जताई है।

‘डॉन’ की रिपोर्ट के अनुसार, यह सहमति पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल राहील शरीफ की अमेरिकी यात्रा के दौरान बनी, जहां उन्होंने राष्ट्रपति बराक ओबामा के प्रशासन की कई प्रमुख हस्तियों से चर्चा की।

राहील के करीबी सूत्रों ने शनिवार को बताया, “मौजूदा स्थिति में अफगानिस्तान सुलह प्रक्रिया को फिर से शुरू करने की जरूरत है।”

जनरल राहील ने अमेरिकी अधिकारियों से भारत के साथ तनावपूर्ण संबंध, सैन्य सहयोग, सामरिक (परमाणु) मुद्दों तथा अन्य क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की।

सैन्य प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल असीम बाजवा ने अपने ट्वीट में कहा, “अफगानिस्तान सुलह प्रक्रिया को फिर से शुरू करने के लिए अनुकूल वातावरण की आवश्यक्ता पर जोर दिया गया।”

पाकिस्तान और अमेरिका ने इसके लिए हालांकि, समय निर्धारित नहीं किया।

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच संबंध शांति प्रक्रिया रुकने तथा हिंसा बढ़ने के साथ और अधिक तनावपूर्ण हो गए। लेकिन आशा जताई जा रही है कि ‘हार्ट ऑफ एशिया कांफ्रेंस’ से दोनों देशों के बीच कई मुद्दों को सुलझाया जा सकेगा।

‘हार्ट ऑफ एशिया कांफ्रेंस’ का आयोजन सात-आठ दिसंबर को पाकिस्तान और अफगानिस्तान मिलकर करने वाले हैं। अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी के इस सम्मेलन में भाग लेने के लिए इस्लामाबाद पहुंचने की उम्मीद है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493