अहमदाबाद, 22 नवंबर (आईएएनएस)। गुजरात में छह शहरी नगर निगमों में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान रविवार सुबह शुरू हुआ, जो शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। चुनाव अधिकारियों ने कहा कि मतदाता सूची में नाम न होने की शिकायतें मिलीं और दोपहर तक महज 15 फीसदी मतदान हुआ।
दो चरणों में होने वाले निकाय चुनाव के पहले चरण का मतदान सुबह आठ बजे राज्य के करीब 13,000 मतदान केंद्रों पर शुरू हुआ, जिसमें बहुत कम मतदाताओं की उपस्थिति देखने को मिली। इस दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बलों के साथ राज्य के पुलिसकर्मी भी सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद हैं।
अधिकारियों ने कहा कि अपराह्न् 1.30 बजे मतदान धीमी गति से जारी था।
राज्य निर्वाचन आयोग को छह शहरों से औसतन दो से तीन लोगों से मतदाना सूची में नाम न रहने या मतदाताओं के नाम मिटे होने की शिकायत मिली थी।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने सुबह करीब नौ बजे अहमदाबाद के खानपुर क्षेत्र में बने मतदान केंद्र पर वोट डाला, जिसके बाद मतदान में तेजी दर्ज की गई। इसके बाद गुजरात की मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल ने शहर के शिलाज इलाके और उनके बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह व अन्य चर्चित लोगों ने अपना वोट डाला।
आनंदीबेन ने भाजपा की जीत का भरोसा जताया और आडवाणी ने उनकी बात का समर्थन किया।
यह पूछे जाने पर कि हालिया बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद क्या देश के प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी की छवि स्थानीय निकाय चुनाव पर प्रभाव डाल सकती है? आडवाणी ने कहा, “इतनी कम अवधि में नई सरकार से इतनी ज्यादा उम्मीद करना अति है, विशेषकर उस वक्त जब इसकी दिशा सही है।”
आडवाणी ने गुजरात में भाजपा को अच्छे नतीजे मिलने का अनुमान जताया।
इस बीच, कहीं से भी चुनाव संबंधित हिसा की कोई खबर नहीं है। हालांकि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में तकनीकी गड़बड़ी की वजह से वड़ोदरा मतदान केंद्र पर लगभग 20 मिनट तक मतदान बाधित रहा।
वहीं, अहमदाबाद के मतदान केंद्र पर एक व्यक्ति के बेहोश होने की सूचना मिली।
इन चुनावों के तहत 572 नगरपालिका वार्डो में से प्रत्येक में चार उम्मीदवारों का चुनाव किया जाएगा। यह चुनाव दो चरणों में होना है।
पहले चरण में छह नगर निगमों के लिए चुनाव हो रहे हैं, जिसमें 95 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिन नगर निगमों में मतदान हो रहे हैं, उनमें अहमदाबाद, वडोदरा, राजकोट, सूरत, जामनगर और भावनगर शामिल हैं।
dharmpath.com dharmpath