कोलंबो, 23 नवंबर (आईएएनएस)। श्रीलंका की नौसेना ने सोमवार को उन खबरों का खंडन किया, जिसके मुताबिक उन्होंने कटचाथीवू के निकट एक भारतीय नौका पर हमला किया। काटचाथीवू उत्तरी सागर में एक द्वीप है।
रिपोर्ट के मुताबिक, हमला रविवार को हुआ, जिसमें श्रीलंकाई नौसेना के अधिकारियों ने नौका पर पत्थरों व बोतलों से हमला कर दिया, जिसमें एक भारतीय मछुआरा घायल हो गया। नौका में चार मछुआरे सवार थे।
श्रीलंकाई नौसेना के प्रवक्ता अकरम अल्वी ने खबरों का खंडन करते हुए ऐसे किसी भी हमले से इंकार किया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ से अल्वी ने कहा, “यदि इस तरह की दुर्घटना हुई होती, तो नौसेना तत्काल सूचना देती। लेकिन ऐसा कुछ हुआ ही नहीं।”
उल्लेखनीय है कि श्रीलंका की नौसेना ने पिछले सप्ताह श्रीलंकाई क्षेत्र में मछली पकड़ने के आरोप में 14 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया था।
दोनों देश लंबे समय से चले आ रहे मछुआरों के इस मुद्दे के समाधान के प्रयास में लगे हैं, जिसके कारण एक दूसरे के क्षेत्र में मछली मारने के आरोप में गिरफ्तारियां व नौकाओं की जब्ती की घटनाएं सामने आती रही हैं।
dharmpath.com dharmpath