मोदी की बात पर पूरा हिन्दुस्तान हंसता है : राहुल (लीड-1)

सहारनपुर, 23 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने यहां सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘अच्छे दिन’ लाने की जो बात कही थी, उस पर आज पूरा हिन्दुस्तान हंसता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से गरीबों और किसानों के साथ खड़ी रही है और आगे भी रहेगी।

पदयात्रा पर निकले राहुल ने सहारनपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, “डेढ़ वर्ष पहले केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार बनी थी। मोदी ने वादा किया था कि हिन्दुस्तान को बदल दूंगा। कहा था कि अच्छे दिन आएंगे। आज स्थिति यह है कि अच्छे दिन के जुमले पर पूरा हिन्दुस्तान हंसता है।

राहुल ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी लंदन, अमेरिका व मलेशिया घूम रहे हैं। कुछ उद्योगपतियों के अच्छे दिन आ गए हैं। देश में अच्छे दिन तभी आएंगे, जब किसान व गरीब खुश रहेंगे। कांग्रेस पार्टी ने किसानों का 70 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया था, लेकिन आज बैंक अमीरों की सुनते हैं, गरीबों की नहीं।”

उन्होंने कहा, “हमने किसानों की बात हमेशा सुनी है। हम सहारनपुर इसीलिए आए हैं कि यहां किसानों के साथ जो अन्याय हो रहा है, उसको लेकर आवाज उठाई जा सके।”

कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब अनाज की एमएसपी हर वर्ष बढ़ती थी। मजदूरों को कांग्रेस ने मनरेगा जैसी बड़ी योजना दी, जिससे करोड़ों लोगों को रोजगार मिला।

राहुल ने सूबे के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “अखिलेश यादव जी, आपने यूपी को बदलने का वादा किया था। आप अपना वादा निभाइए और यूपी को बदलिए। यहां किसानों के साथ अन्याय हो रहा है। आपको मुख्यमंत्री बने हुए चार वर्ष बीत गए। अब तो अब उप्र को बदलिए।”

इससे पहले राहुल ने सोमवार को सहारनपुर के पिलखनी से पदयात्रा की शुरूआत की। राहुल की यह पदयात्रा सात किलोमीटर तक चलेगी। उनकी पदयात्रा पटनी में समाप्त होगी। सात किलोमीटर की पदयात्रा के दौरान वह रास्ते में कई नुक्कड़ सभाओं को भी संबोधित करेंगे और किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनेंगे।

पदयात्रा के दौरान उनके उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री, उप्र के प्रभारी मधुसूदन मिस्त्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव शुक्ला, पूर्व केंद्रीय मंत्री जीतिन प्रसाद, उप्र विधानसभा में कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता प्रदीप माथुर सहित कई लोग मौजूद हैं।

इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव शुक्ला ने कहा कि राहुल गांधी हमेशा से ही किसानों के हितों की लड़ाई लड़ते रहे हैं। वह किसानों से मिलकर उनकी समस्यओं से अवगत होंगे। किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिल रहा है। भूमि अधिग्रण मुद्दे पर भी वह किसानों से बातचीत करेंगे। केंद्र सरकार लगातार किसानों की अनदेखी कर रही है।

उन्होंने कहा कि आज किसानों की हालत सबसे अधिक खराब है। उनकी उपज का उचित मुआवजा नहीं मिल रहा है। उनकी पहली लड़ाई सहारनपुर से शुरू हो रही है, जो लंबी चलेगी।

प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकार में किसान बेहाल हैं। किसानों को उनकी उपज का लाभ नहीं मिल रहा है, इसीलिए किसानों का दुख-दर्द जानने के लिए ही राहुल पदयात्रा पर निकले हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493