नई दिल्ली, 23 नवंबर (आईएएनएस)। राजधानी दिल्ली में अगले सप्ताह आयोजित होने वाले 13वें एनईडी एक्सपो में देश-विदेश की लगभग 250 कंपनियां शिरकत करेंगी। यह बात सोमवार को आयोजित मैसे फ्रैंकफर्ट इंडिया ने कही।
आयोजक की ओर से जारी बयान के मुताबिक, दिल्ली के प्रगति मैदान में 13वें एलईडी एक्सपो-2015 का आयोजन तीन से पांच दिसम्बर, 2015 को किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश की लगभग 250 कंपनियां भाग लेंगी। ये कंपनियां मुख्य रूप से फिनलैंड, हांगकांग, सिंगापुर, ताईवान व संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की होंगी। 70 कंपनियां सिर्फ चीन से होंगी।
एलईडी लाइट्स न सिर्फ इस्तेमाल करने में आसान होती है, बल्कि बिजली के बिल की बचत भी करती है। इसलिए इसे पर्यावरण अनुकूल भी माना जाता है।
जानकार सूत्रों के मुताबिक, एलईडी लाइट की बढ़ी मांग की वजह से प्रदर्शनी स्थल के सभी स्टॉल अपने तय समय से पहले ही शत-प्रतिशत बुक हो चुके हैं और इस बार के एलईडी एक्सपो में प्रदर्शकों की संख्या में काफी वृद्धि दर्ज की गई है।
प्रधानमंत्री के घरेलू ऊर्जा कुशल प्रकाश कार्यक्रम की पहल के अनुसार, एलईडी लाइट इस्तेमाल करने से उपभोक्ता बिजली बिलों में तकरीबन 40,000 करोड़ रुपये कम किए जा सकेंगे और 105 अरब यूनिट उर्जा बचाने में मदद मिलेगी।
सूत्रों के मुताबिक, स्ट्रीट लाइट राष्ट्रीय कार्यक्रम का लक्ष्य 3.5 करोड़ स्ट्रीट लाइट बदलकर 9,000 करोड़ किलोवाट की उर्जा की बचत करना है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पांच जनवरी को एलईडी बल्ब को ‘प्रकाश पथ’ के रूप में प्रस्तुत करते हुए दिल्ली में घरेलू बिजली बचत और घरों तथा सड़कों पर एलईडी बल्ब लगाए जाने संबंधी राष्ट्रीय योजना की शुरुआत की थी।
dharmpath.com dharmpath