इस प्रस्ताव के माध्यम से निगम प्रशासन शासन के अगले वित्तीय बटज में धन को आवंटित कराने का प्रयास करेगा। उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश में पर्यटन विकास के लिए कई स्तर पर प्रयास कर रहा है।
इसके तहत पर्यटकों के रहने की सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शासन ने पर्यटकों को प्रदेश में रहने व खाने की बेहतर जिम्मेदारी का दायित्व उत्तर प्रदेश पर्यटन विकास निगम को दिया है।
मुख्यमंत्री ने करीब डेढ़ वर्ष पूर्व निगम के होटलों की समीक्षा की। इस दौरान निगम प्रशासन ने बताया कि आर्थिक कारणों से निगम के होटलों का रख-रखाव नहीं हो पा रहा है, ज्यादातर होटलों की स्थिति खराब हो गई है।
निगम के ‘ए’ श्रेणी के होटलों के कमरों में सीलन है। सीवर व अन्य समस्याओं के कारण पर्यटकों का मोह निगम के होटलों से भंग होने लगा है। इस पर मुख्यमंत्री ने निगम के एक दर्जन प्रमुख होटलों के रख-रखाव के लिए शासन से 14 करोड़ देने का प्रावधान किया।
निगम के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ, जब शासन ने निगम को किसी काम के लिए धन मुहैया कराया है। अभी तक निगम अपने संसाधनों से सभी काम करता रहा है। निगम को यह धन वर्तमान वित्तीय वर्ष में मिल गया है। इस धन से निगम के एक दर्जन होटलों के उच्चीकरण व सुंदरीकरण का कार्य हो रहा है।
उत्तर प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अधिकारी के मुताबिक शासन से मिला धन निगम के होटलों के रखरखाव के लिए पर्याप्त नहीं है। निगम के जर्जर होटलों के उच्चीकरण व सुंदरीकरण के लिए अभी काफी धन की जरूरत है।
निगम के चेयरमैन सुदीप सेन ने हाल ही में निगम के कई प्रमुख होटलों का निरीक्षण किया। उन्होंने शासन से मिले जिन होटलों में उच्चीकरण व सुंदरीकरण कार्य चल रहा है, उसको शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।
चेयरमैन ने संबंधित होटलों के प्रबंधकों को निर्देश दिया कि उच्चीकरण व सुंदरीकरण के कार्य के बाद होटल के प्रगति की रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी जाए।
निगम प्रशासन इस रिपोर्ट से शासन भेजकर निगम को दिए गए धन का सदुपयोग होने के बावत संतुष्ट करेगा। इसके बाद निगम शासन से होटलों के सुंदरीकरण व उच्चीकरण के लिए अगले वित्तीय बटज में अन्य धन देने की मांग करेगा।
निगम के चेयरमैन सेन ने बताया कि निगम के राजधानी में स्थित गोमती होटल में अभी और उच्चीकरण व सुंदरीकरण की जरूरत है। होटल के मुख्यद्वार पर बार है, जिससे होटल के व्यवसाय पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने होटल के प्रबंधक को बार को होटल के पीछे भाग में स्थनांतरित करने तथा बार वाले स्थान पर विभिन्न समारोह के हाल बनाने का प्रस्ताव बनाने को कहा।
इसके अलावा चेयरमैन ने होटल के बाहरी सुंदरीकरण के लिए भी प्रस्ताव बनाने का निर्देश दिया है। इसी तरह चेयरमैन के निर्देश पर निगम के करीब एक दर्जन होटलों के उच्चीकरण व सुंदरीकरण का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इन प्रस्तावों को शीघ्र शासन में भेजकर अगले वित्तीय वर्ष में निगम के लिए धन आवंटित कराने का प्रयास किया जा रहा है।
dharmpath.com dharmpath