शिलांग, 24 नवंबर (आईएएनएस)। मेघालय के नॉनगोस्टीन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव में विपक्षी एचएसपीडीपी के डायोस्टारनेस जिनडियांग ने सत्ताधारी कांग्रेस के उम्मीदवार गैब्रियल वाहलांग को 2,764 वोटों से पराजित किया है।
क्षेत्रीय दल, हिल स्टेट पीपुल्स डेमोक्रेटिक पाटी (एचएसपीडीपी) के स्टोन लिंगदोह की सितंबर में हुई मृत्यु के बाद यहां उपचुनाव कराना पड़ा है। लिंगदोह कई वर्षो से ‘शेर’ निशान के साथ पार्टी का प्रतिनिधित्व किया था।
जिनडियांग, लिंगदोह के पूर्व सहयोगी हैं और इस सीट के लिए चार उम्मीदवारों में सबसे कम उम्र के हैं। जिनडियांग को 1,1189 वोट मिले हैं, जबकि खासी हिल्स स्वायत्त जिला परिषद के पूर्व डिप्टी चेयरमैन वाहलांग को 8,425 वोट प्राप्त हुए हैं।
उपचुनाव में दो अन्य उम्मीदवार युनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी के मस्कलंदर मारंगर और एकमात्र महिला निर्दलीय उम्मीदवार फेनेला लिंगदोह नॉनग्लेट को क्रमश: 1,257 और 3,131 वोट मिले हैं।
मारंगर और नॉनग्लेट, दोनों उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई।
उल्लेखनीय है कि उपचुनाव में कुल 24,002 वोट पड़े, जिसमें से 89 मतदाताओं ने (उपरोक्त किसी को भी नहीं) नोटा का विकल्प अपनाया।
एचएसपीडीपी सुप्रीमो अर्डेट मिलर बसैयामोइत ने आईएएनएस से कहा, “नांगस्टोइन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव में एचएसपीडीपी की वापसी से स्पष्ट होता है कि मेघालय में लोगों ने कांग्रेस में विश्वास खो दिया है।”
उपचुनाव में जीत के साथ बसैयामोइत ने कहा कि उनकी पार्टी अब 2018 के विधानसभा चुनाव में राज्य से कांग्रेस पार्टी को उखाड़ फेंकने का प्रयास करेगी।
60 सदस्यीय विधानसभा सभा में एचएसपीडीपी के पास अब चार सीटें हैं।
मेघालय युनाइटेड अलायंस की सरकार का नेतृत्व कर रही कांग्रेस के पास 30 सीटें हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (दो सीटें), नार्थ-ईस्ट डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट पार्टी के पास (एक सीट) और 11 निर्दलीय विधायक कांग्रेस सरकार को समर्थन दे रहे हैं।
एचएसपीडीपी और दो निर्दलीय विधायक मेघालय पीपुल्स फ्रंट का हिस्सा नहीं हैं।
dharmpath.com dharmpath