हिमाचल न्यूजीलैंड की मदद से सेब उत्पादन बढ़ाएगा

शिमला, 25 नवंबर (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश विश्व बैंक की एक परियोजना के तहत सेब उत्पादन बढ़ाने के लिए न्यूजीलैंड से साझेदारी कर रहा है। राज्य ने न्यूजीलैंड से सेब के पेड़ की जड़ों का आयात भी शुरू कर दिया है।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने बुधवार को न्यूजीलैंड के सेब और नाशपाती उत्पादकों, पैकरों और विपणन कंपनियों के संघ ‘पिपफ्रुट’ के प्रतिनिधियों के साथ हुई एक बैठक के बाद कहा कि न्यूजीलैंड में सेब की प्रति हेक्टेयर उत्पादकता दुनिया में सर्वाधिक 57 टन है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले साल के शुरू में न्यूजीलैंड की सरकार के साथ एक सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा, “सरकार का मुख्य ध्यान सेब का विविधीकरण और पुराने सेब बागानों के आधुनिकीकरण पर होगा, जिसमें न्यूजीलैंड की विशेषज्ञता महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।”

उन्होंने कहा कि राज्य के कुल फल उत्पादन में सेब की 90 फीसदी हिस्सेदारी है और उत्पादकों के लाभ के लिए सरकार सेब की नई किस्म लाना चाहती है।

राज्य के अतिरिक्त मुख्य बागवानी सचिव तरुण श्रीधर ने कहा कि बागवानी विकास परियोजना के कार्यान्वयन की विस्तृत परियोजना रपट लगभग तैयार हो चुकी है और राज्य ने न्यूजीलैंड से जड़ों का आयात भी शुरू कर दिया है।

श्रीधर ने कहा कि परियोजना में मुख्य ध्यान जल प्रबंधन पर होगा।

राज्य को फलों से सालाना 3,500 करोड़ रुपये की आय होती है। सेब का उत्पादन राज्य में मुख्यत: शिमला, कुल्लू, मंडी, लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा जिलों में होता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493