नई दिल्ली, 26 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ‘संविधान दिवस’ के अवसर पर ‘संविधान सभा द्वारा संविधान का निर्माण’ प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
संसद भवन के पुस्तकालय में आयोजित प्रदर्शनी में शाब्दिक और दृश्य दोनों माध्यमों से संविधान सभा द्वारा संविधान निर्माण की प्रक्रिया को दर्शाया गया है।
लोकसभा द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार चित्रों, लेखों और प्रेस में प्रकाशित सूचनाओं की कतरनों के माध्यम से संविधान सभा की कार्य प्रक्रिया पर प्रकाश डाला गया है।
विज्ञप्ति के मुताबिक, संसदीय पुस्तकालय में मौजूद संविधान निर्माण पर सबसे प्राचीन पुस्तक 1923 में प्रकाशित की गई थी।
संविधान निर्माण, संविधान सभा की कार्य प्रक्रिया और संविधान सभा समिति के अध्यक्ष के रूप में डॉक्टर बी. आर. अंबेडकर की भूमिका पर बनाई गई फिल्में भी प्रदर्शनी का हिस्सा हैं।
आगंतुकों के लिए एक खास स्थान पर अंग्रेजी और हिंदी में संविधान की मूल प्रतियां दो ऑक्सीजन मुक्त बक्सों में रखी गई हैं। मूल प्रतियां हस्तनिर्मित कागज से बनी हैं और इन पर चित्रकारी की गई है।
विज्ञप्ति के अनुसार कैलीग्राफी में तैयार संविधान की हिंदी और अंग्रेजी की प्रतियां सदस्यों के पढ़ने के कक्ष में प्रदर्शित की गई हैं।
dharmpath.com dharmpath