श्रीनगर, 27 नवंबर (आईएएनएस)। श्रीगनर में शुक्रवार को लोगों को काफी दिनों बाद सुहानी सुबह देखने को मिली। पिछले चार दिनों से घने कोहरे की चादर में ढके शहर में धूप निकली।
मौसम विभाग कार्यालय के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “हम एक दिन पहले (गुरुवार) श्रीनगर में सुहानी सुबह की आशा कर रहे थे। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।”
मौसम विभाग ने कहा कि जम्मू एवं कश्मीर में मौसम अगले दो से तीन दिनों तक साफ रहने के आसार हैं।
श्रीनगर में गुरुवार रात आसमान साफ होने के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। यहां न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पिछले चार दिनों से घने कोहरे के कारण सामान्य जनजीवन काफी प्रभावित हुआ। कम दृश्यता के कारण यातायात की आवाजाही में भी परेशानी हुई।
तीन दिन बाद गुरुवार अपराह्न् श्रीनगर में पहला विमान उतरा।
पहलगाम में तापमान शून्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस और गुलमर्ग में शून्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
लद्दाख क्षेत्र के कारगिल कस्बे में तापमान शून्य से 6.9 डिग्री सेल्सियस नीचे मापा गया। शुक्रवार को राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा कारगिल। लद्दाख कस्बे में तापमान शून्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
मौसम विभाग ने कहा, “जम्मू शहर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियम दर्ज किया गया।”
dharmpath.com dharmpath