नई दिल्ली, 27 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने पार्टी विधायक ओ.पी. शर्मा को विधानसभा से पूरे सत्र के लिए निलंबित किए जाने के खिलाफ शुक्रवार को दिल्ली विधानसभा के बाहर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने प्रदर्शन स्थल पर लगे अवरोधक हटाने की कोशिश की। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पानी के बौछारों का इस्तेमाल किया। प्रदर्शनकारियों में भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी भी शामिल थे।
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल ने गुरुवार को शर्मा की निलंबन अवधि पूरे शीतकालीन सत्र के लिए बढ़ा दी थी।
शर्मा को आम आदमी पार्टी की विधायक अलका लांबा के खिलाफ अभद्र टिप्पणी के लिए निलंबित किया गया था।
शर्मा को 24 नवंबर को विधानसभा से पहले दो दिनों के लिए निलंबित किया गया था। हालांकि, गुरुवार को उन्हें पूरे सत्र के लिए निलंबित करने हेतु विधानसभा में एक प्रस्ताव पारित किया गया।
विधानसभा सत्र 18 नवंबर को शुरू हुआ था और चार दिसंबर तक चलेगा।
dharmpath.com dharmpath