नई दिल्ली, 30 नवंबर (आईएएनएस)। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के दिवंगत नेता अशोक सिंहल की तेरहवीं के अवसर पर सोमवार को दक्षिणी दिल्ली के रामकृष्ण पुरम स्थित विहिप मुख्यालय में पूजा-हवन, पाठ व भावांजलि का कार्यक्रम चला, जिसमें विहिप सहित कई संगठनों के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भाग लिया और अपने उदगार व्यक्त किए।
शाम पांच बजे गरुड़ पुराण पाठ के समापन पर हुई भावांजलि सभा में विहिप के अंतर्राष्ट्रीय संगठन महामंत्री दिनेश चंद्र ने सिंहल को बहुमुखी प्रतिभा का धनी बताते हुए कहा कि उनके जाने से हुई रिक्तता की पूर्ति किसी व्यक्ति विशेष द्वारा तो संभव नहीं, लेकिन सामूहिक प्रयास से अवश्य किया जा सकता है।
उन्होंने कहा, “जो दायित्व उन्होंने हम सब को दिए हैं, उनको पूरी निष्ठा के साथ निभाकर हम उनके अधूरे सपनों को अवश्य पूरा करेंगे, ऐसा मुझे विश्वास है।”
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सहसरकार्यवाह कृष्ण गोपाल, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव, विहिप के अंतर्राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बालकृष्ण नाइक व ओम प्रकाश सिंहल, महामंत्री चंपत राय, संयुक्त महामंत्री डॉ. सुरेंद्र जैन, केंद्रीय मंत्री कोटेश्वर शर्मा, जुगल किशोर व खेमचंद शर्मा सहित अन्य गण्यमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।
आयोजन मेंसंघ के विश्व विभाग, स्वदेशी जागरण मंच, भारतीय मजदूर संघ, भारतीय किसान संघ, विद्या भारती तथा सनातन धर्म प्रतिनिधि सभा सहित कई संगठनों के पदाधिकारियों ने भी भाग लिया।
dharmpath.com dharmpath