भोपाल, 2 दिसम्बर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मंगलवार रात आयोजित खेल अलंकरण समारोह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वर्ष 2015 की उत्कृष्ट खेल प्रतिभाओं को एकलव्य, विक्रम और विश्वामित्र पुरस्कार प्रदान किए।
राजधानी के तात्याटोपे नगर स्टेडियम मंे आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि राज्य में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। थोडी सी सुविधाएं मिलने पर प्रदेश के खिलाड़ी आसमान छू सकते हैं। उन्होंने खिलाडियों से सुविधाओं की चिंता न कर सिर्फ अपने खेल पर ध्यान देने के लिए कहा। साथ ही उन्हें राज्य सरकार की ओर से हर सुविधा मुहैया कराने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने प्रतिष्ठित एकलव्य पुरस्कार, विक्रम और विश्वामित्र पुरस्कार प्राप्त खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने गत वर्ष के विक्रम पुरस्कार विजेता खिलाड़ियों को शासकीय नौकरी का नियुक्ति पत्र भी सौंपा। चौहान ने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों की उपलब्धियों से यह विश्वास और पक्का हो गया है कि आगामी ओलम्पिक में भी हमारा नाम होगा।
खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा कि पिछले पांच-छह साल में ही राज्य ने देश को 24 अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी दिए हैं। उन्होंने कहा कि 2016 रियो ओलम्पिक की भारतीय महिला हाकी टीम में मध्य प्रदेश की महिला हाकी अकादमी की छह बालिकाओं का चयन हुआ है।
इस मौके पर विशेष तौर पर मौजूद बैडमिंटन खिलाड़ी पुलेला गोपीचंद ने कहा कि मध्य प्रदेश खेलों को बढ़ावा देने वाले इक्का-दुक्का राज्यों में है। खेलों की दुनिया में अब अन्य राज्यों के लोग भी मध्य प्रदेश की सराहना करते हैं। उन्होंने खेलों को प्रोत्साहन देने के मामले में मध्य प्रदेश को उदाहरण बताया।
इस समारोह में एकलव्य पुरस्कार से कीर्ति केवट (कयाकिंग-केनोइंग), अरुं धती शर्मा (सॉफ्ट टेनिस), मनीष बारस्कर, (वुशू), प्रियांशु पांडे (शूटिंग), शुभम उपाध्याय (तैराकी), प्रणय खरे (घुड़सवारी), विशाल ठाकुर (सेलिंग), सुषमा सरयाम (कुश्ती), अनिल रजक (ताइक्वांडो), सरिता तोमर (बॉक्सिंग), मो. आवेश खान (क्रिकेट), पूजा पारेख (सॉफ्टबाल), नेहा और करिश्मा यादव को संयुक्त रूप से (हॉकी) और कृतिका चौहान (रोल बॉल) को सम्मानित किया गया।
इसी तरह विक्रम अवार्ड से अंजलि वशिष्ठ (कयाकिंग-केनोइंग), वर्षा वर्मन (शूटिंग), रिया डेविड (सॉफ्ट टेनिस), अजय यादव (कराटे), अंकित रैकवार (वूशु), रोहित इमोलिया (तैराकी), सविता पारेख (सॉफ्टबाल), अमी कमानी (स्नूकर) और गौरव मुछाल (बैडमिंटन) को सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त विश्वामित्र पुरस्कार से सुनील केवट (कयाकिंग-केनोइंग), मोहन शाक्य (रोइंग) और सचिन कस्तूरे (सॉफ्टबॉल) को सम्मानित किया गया। वहीं चिंतामण कश्यप को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार तथा हर्ष यादव को मलखंभ खेलों के लिए स्व. प्रभाष जोशी स्मृति पुरस्कार दिया गया।
dharmpath.com dharmpath