शिवहर, 2 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार के शिवहर जिला मुख्यालय के अनुमंडल कार्यालय से कुछ ही दूरी पर सशस्त्र अपराधियों ने बुधवार को विद्युतीकरण योजना से जुड़े एक निर्माण कार्य एजेंसी के सीनियर साइड सुपरवाइजर की गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, पावर टेक्नो कंपनी के सुपरवाइजर आर. पी. सिंह अपने आवास के बाहर फोन से बात कर रहे थे तभी माटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
मृतक उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ का निवासी बताया जाता है, जो यहां राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना के तहत काम करवा रहे थे। पुलिस के मुताबिक, अपराधियों ने वहां एक पर्चा छोड़ा है। इस पर लिबरेशन आर्मी लिखा है।
शिवहर के पुलिस अधीक्षक अश्विनी कुमार ने बताया कि अपराधियों ने ए.के. 47 से फायरिंग की है। उन्होंने बताया कि हत्या की एक प्राथमिकी नगर थाना में दर्ज कर ली गई है तथा पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
dharmpath.com dharmpath