मुंबई की मलिन बस्ती में लगी आग में 2 की मौत

मुंबई, 7 दिसम्बर (आईएएनएस)। पश्चिमोत्तर मुंबई की एक मलिन बस्ती में सोमवार को लगी आग में दो लोगों की मौत हो गई, जिसमें एक बच्चा भी शामिल है, जबकि तीन महिलाओं सहित 11 लोग झुलस गए। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की वजह से घरेलू गैस के कई सिलिंडर भी फट पड़े।

वृहनमुंबई महानगर निगम की आपदा नियंत्रण इकाई के एक अधिकारी ने बताया कि अपराह्न करीब 12.30 बजे दामूनगर की बेहद घनी बस्ती में आग लगी।

कुछ ही मिनटों के अंदर नजदीक ही स्थित एक गोदाम में रखे घरेलू गैस के कई सिलिंडर आग की चपेट में आ गए भीषण विस्फोट के साथ फट पड़े।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कान के पर्दे फाड़ देने वाले करीब छह धमाके हुए और आग से निकल रहे घने काले धुएं को कई किलोमीटर की दूरी से देखा जा सकता था।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (उत्तरी) फतेहसिंह पाटिल ने घटनास्थल से पूरी तरह झुलस चुके एक शव के पाए जाने की पुष्टि की है, जबकि आग की चपेट में आए कई अज्ञात पीड़ितों को बीएमसी के अंबेडकर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

आपदा नियंत्रण इकाई के एक अधिकारी ने बताया कि 2,000 के करीब झुग्गियां जलकर खाक हो गईं और सिलिंडरों के फटने से पूरे इलाके में बिजली आपूर्ति ठप हो गई।

आग पर काबू पाने के लिए 15 से अधिक दमकल और पानी के 10 टैंकर लगाने पड़े, जबकि पीड़ितों के लिए एंबुलेंस लगाए गए तथा तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।

आग की चपेट में आने से 5,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्रफल में क्षति पहुंची, हालांकि आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493