सियोल, 10 दिसम्बर (आईएएनएस)। दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति पार्क ग्युन हे ने गुरुवार को देश की निम्न जन्म दर को बढ़ाने के प्रयासों की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने देश की निम्न जन्म दर के लिए देर से विवाह और बेरोजगारी को जिम्मेदार ठहराया।
समाचार एजेंसी योनहप की रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिण कोरिया 2005 से ही निम्न जन्म दर की समस्या से निपटने का प्रयास कर रहा है, जब यहां प्रजनन दर 1.08 थी। इसके लिए अब तक 800 खरब वॉन (68 अरब डॉलर) खर्च कर चुका है।
इस प्रयास का बहुत अच्छा परिणाम नहीं रहा और वर्ष 2014 में देश की प्रजनन दर बढ़कर सिर्फ 1.2 हो पाई।
दक्षिण कोरिया हालांकि आज भी प्रजनन दर बढ़ाकर 2.1 करने की चुनौतियों से जूझ रहा है, ताकि उसकी जनसंख्या स्थिर रह सके।
हाल के वर्षो में बच्चों के लालन-पालन पर होने वाले खर्च में वृद्धि और रोजगार के अवसरों में कमी के कारण महिलाएं अधिक बच्चों को जन्म नहीं देना चाहतीं।
निम्न जन्म दर की समस्या के समाधान के लिए आयोजित एक बैठक में पार्क ने कहा, “समस्या काफी गंभीर है। लोगों को देश के भविष्य और आने वाली पीढ़ियों के लिए इसका समाधान करना चाहिए।”
पार्क ने यह भी कहा कि बेहतर रोजगार नहीं पाने के कारण युवा शादी में देरी करते हैं, जो निम्न जन्मदर का एक प्रमुख कारण है।
पार्क ने नौकरी के अवसरों को बढ़ाने की जरूरत पर भी बल दिया। साथ ही कहा कि सरकार श्रम संशोधन का प्रयास कर रही है, ताकि युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।
पार्क ने देश में बढ़ती बुजुर्ग आबादी की समस्याओं के समाधान पर भी जोर डाला।
वर्ष 2018 तक दक्षिण कोरिया के एक वृद्ध समाज बन जाने की आशंका है, जिसमें इसकी 14 प्रतिशत आबादी की उम्र 65 वर्ष या इससे पार होगी।
dharmpath.com dharmpath