हैदराबाद, 10 दिसंबर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश की पुलिस ने गुरुवार को यहां के उस्मानिया विश्वविद्यालय परिसर को सील कर बीफ फेस्टिवल (गोमांस महोत्सव) मनाने के कुछ छात्र संगठनों के मंसूबे पर पानी फेर दिया। बीफ फेस्टिवल के खिलाफ छात्रों का एक गुट पोर्क फेस्टिवल (सूअर मांस महोत्सव) मनाने वाले थे और इन दोनों गुटों से अलग कुछ छात्रों ने गौ पूजा करने की योजना बनाई थी। पुलिस ने छात्रों के तीनों गुटों के बीच झड़प होने की आशंका के मद्देनजर यह कार्रवाई की।
संभावित अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक राजा सिंह और दर्जनों छात्रों व विभिन्न संगठनों के कार्यकताओं को गिरफ्तार कर लिया।
राजा सिंह को सुबह धूलपेट क्षेत्र में उनके घर से एहतियातन हिरासत में ले लिया गया, क्योंकि वह कुछ दक्षिणपंथी हिंदू संगठनों द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में की जाने वाली ‘गौ माता पूजा’ में शामिल होने वाले थे।
गौ रक्षा दल की महिला कार्यकर्ताओं को भी उस समय हिरासत में ले लिया गया, जब वे परिसर में प्रवेश करने की कोशिश कर रही थीं।
परिसर के भीतर और उसके आसपास बुधवार की रात से ही चल रही तलाशी के दौरान कई छात्रों को हिरासत में लिया गया।
विश्वविद्यालय व पुलिस प्रशासन ने किसी भी समारोह के आयोजन की मंजूरी नहीं दी थी, इसलिए परिसर में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई।
सिटी सिविल कोर्ट ने गोमांस के भोज की इजाजत नहीं दी थी और बुधवार को हैदराबाद उच्च न्यायालय ने निचली अदालत के फैसले को बरकरार रखा था। इसके बाद परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई।
हालांकि कुछ वामपंथी और दलित छात्र संगठनों ने खाने के अधिकार को मानवाधिकार मानते हुए मानवाधिकार दिवस पर गोमांस महोत्सव मनाने का ऐलान किया था। उनका कहना था कि जिस देश में गाय के सम्मान में इंसान की हत्या की जाती हो, वहां पाखंडियों को जवाब देने का यही सही तरीका है।
दूसरी ओर, दक्षिणपंथी संगठनों ने हर हाल में इस समारोह को रोकने की धमकी दी थी और उनमें से कुछ ने उसके विरोध में पोर्क समारोह और गोमाता पूजा के आयोजन की योजना बनाई थी।
इसी बीच, धार्मिक नेता स्वामी परिपूर्णानंद सरस्वती व उनके अनुयायियों और कुछ भाजपा नेताओं ने विश्वविद्यालय परिसर से पांच किलोमीटर दूर ‘गौ रक्षा दिवस’ मनाया।
उन्होंने बीफ फेस्टिवल मानने की योजना की निंदा करते हुए कहा कि इससे हिंदुओं की भावनाएं आहत होंगी, क्योंकि गाय को पवित्र माना जाता है।
dharmpath.com dharmpath