सभी को स्वास्थ्य सेवा देने के लिए विशेष कार्यबल की जरूरत : नड्डा

नई दिल्ली, 10 दिसम्बर (आईएएनएस)। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी.नड्डा ने गुरुवार को कहा कि देश के सभी नागरिकों को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के लिए एक ऐसे विशेष कार्यबल के गठन की जरूरत है, जिसमें सरकारी और निजी क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं भी शामिल हों।

भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के सालाना स्वास्थ्य सेवा कार्यक्रम के तहत आयोजित 12वें भारत स्वास्थ्य सम्मेलन में नड्डा ने कहा, “हमारी सोच स्वास्थ्य क्षेत्र की तमाम चुनौतियों के बावजूद सभी को स्वास्थ्य सेवा के दायरे में लाने की है। यह काम एक विशेष कार्यबल बेहतर तरीके से कर सकता है, जिसमें मंत्रालय और निजी क्षेत्र के प्रतिनिधि शामिल हों।”

उन्होंने इस काम को सफल बनाने के लिए सभी संबद्ध पक्षों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।

देश में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं में भिन्नता की ओर संकेत करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर और मध्य भारत के जनजातीय आबादी वाले क्षेत्रों पर भी काफी ध्यान देने की जरूरत है।

नड्डा ने कहा, “स्वास्थ्य क्षेत्र में मानव संसाधन की कमी, अपर्याप्त आधारभूत ढांचा, जरूरी दवाओं की आपूर्ति में समस्याएं आज भी चिंता की वजहें हैं।”

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और मिशन इंद्रधनुष ने देश में स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने में बड़ी भूमिका निभाई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493