नई दिल्ली, 11 दिसम्बर (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी शनिवार से तीन दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल जाएंगे। राष्ट्रपति शनिवार को कोलकाता में कलकत्ता चैंबर ऑफ कॉमर्स की 185वें स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।
राष्ट्रपति सचिवालय के बयान के अनुसार, राष्ट्रपति शनिवार को ही भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर), कोलकाता में गंगा कला वीथिका द्वारा शाहबुद्दीन अहमद पर आयोजित प्रदर्शनी का भी उद्घाटन करेंगे।
राष्ट्रपति रविवार को कोलकाता स्थित राज भवन में देवरंजन मुखर्जी स्मृति व्याख्यान देंगे। साथ ही वह हावड़ा में सेठ बंशीधर जालान स्मृति मंदिर में भगवान शिव की मूर्ति का अनावरण करेंगे।
इस दिन वह सेंट पॉल केथ्रेडल, कोलकाता में डायसीज ऑफ कलकत्ता के दो सौ साल पूरे होने के उत्सव के समापन समारोह का उद्घाटन करेंगे। वह कोलकाता में बिधान मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस की 125वीं वर्षगांठ को लेकर आयोजित कार्यक्रम के समापन समारोह में भी शिरकत करेंगे।
राष्ट्रपति सोमवार को कोलकाता में इंदिरा गांधी स्मृति व्याख्यान देंगे, जो कि एशियाई सोसायटी द्वारा आयोजित होगा। वह नई दिल्ली वापस आने से पहले जंगीपुर में केकेएम मेमोरियल गोल्ड कप-रूरल फुटबॉल टूर्नामेंट के छठे संस्करण के फाइनल मैच और पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि भी होंगे।
dharmpath.com dharmpath