लखनऊ, 11 दिसम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में कोहरे के कारण हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में नौ व्यक्तियों की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
पुलिस ने कहा कि जब एक टेम्पो तीर्थयात्रियों को चित्रकूट में अमावस्या मेले के लिए ले जा रहा था, तभी धुंध भरी सुबह में मंदाकिनी नदी पर बने एक पुल पर टेम्पो तेज रफ्तार रोडवेज बस से टकरा गया। इस हादसे में कम से कम छह व्यक्तियों की मौत हो गई और दर्जन भर से अधिक लोग घायल हो गए।
घने कोहरे के चलते और कम दृश्यता के कारण बस चालक को टेम्पो दिखाई नहीं दिया।
पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें अन्य लोगों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया है।”
उन्होंने कहा कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
दूसरा हादसा, लखनऊ के पड़ोसी बाराबंकी जिले के जैतपुर इलाके में हुआ है, जहां इंदौलिया गांव के पास एक कार चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। इस हादसे में कम से कम तीन लोग मारे गए और चार अन्य घायल हो गए हैं।
dharmpath.com dharmpath