वाराणसी, 12 दिसम्बर (आईएएनएस)। प्रख्यात शहनाई वादक दिवंगत उस्ताद बिस्मिल्ला खान के बेटे जामिन हुसैन शनिवार को जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे के स्वागत में यहां आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में शहनाई बजाएंगे।
अधिकारियों ने कहा है कि भारत रत्न बिस्मिल्ला खान के पुत्र जामिन हुसैन खान अपनी शहनाई से आबे की अगवानी करेंगे। वह वाराणसी के नदेसर इलाके में स्थित होटल ताज गेटवे में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति देंगे।
गंगा के पवित्र दशाश्वमेध घाट पर आबे के परंपरागत तरीके से स्वागत की तैयारी की गई है, जहां वह प्रसिद्ध गंगा आरती में हिस्सा लेंगे।
मंदिरों के शहर वाराणसी को इस वीवीआईपी दौरे के लिए किले में तब्दील कर दिया गया है। घाटों की ओर जाने वाले सभी मार्ग सील कर दिए गए हैं और जिस रास्ते से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिंजो आबे का काफिला गुजरेगा, उस मार्ग की गहन सफाई की गई है और उस पर आम जनता की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।
सड़कों के किनारे खड़े खंभों और चौराहों पर मोदी व आबे के बैनर, पोस्टर लगे हुए हैं। मोदी वाराणसी से सांसद हैं।
जिला प्रशासन ने कहा है कि इस दौरे को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।
dharmpath.com dharmpath