नई दिल्ली, 13 दिसम्बर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य राजनेताओं ने रविवार को वर्ष 2001 में संसद पर हुए हमले के शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
प्रधानमंत्री मोदी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सहित अन्य नेताओं ने भी संसद भवन में शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
मोदी ने ट्वीट किया, “हम वर्ष 2001 को इसी दिन लोकतंत्र के मंदिर की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वालों को याद करते हैं।”
प्रधानमंत्री मोदी इस अवसर पर कुछ शहीदों के परिजनों से भी मिले।
लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री नजमा हेपतुल्ला और राज्यसभा के उपसभापति पी.जे. कुरियन ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर रक्त दान शिविर का भी आयोजन किया गया।
उल्लेखनीय है कि 13 दिसम्बर, 2001 को पांच आतंकवादियों ने संसद पर हमला कर दिया गया था। वे संसद परिसर में घुस आए थे, जिसके बाद दिल्ली पुलिस के जवानों से उनकी मुठभेड़ हुई। इस दौरान दिल्ली पुलिस के छह जवान, संसद सुरक्षा सेवा के दो कर्मी शहीद हो गए। एक माली की भी इस दौरान जान चली गई।
सुरक्षा बलों इस दौरान हमलावर पांच आतंकवादियों को भी मार गिराया।
dharmpath.com dharmpath