दिल्ली : अतिक्रमण विरोधी अभियान में बच्चे की मौत, सैकड़ों बेघर (लीड-1)

नई दिल्ली, 13 दिसम्बर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रेलवे की भूमि पर अतिक्रमण हटाने के लिए चलाए गए अभियान के कारण जहां सैकड़ों की संख्या में झुग्गीवासी बेघर हो गए, वहीं इस दौरान एक छह माह के बच्चे की मौत हो गई है।

पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों ने यह जानकारी दी है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस बीच शनिवार को ढहाई गई 500 झुग्गियों के लिए रेलवे को जिम्मेदार ठहराया है।

अरविंद ने ट्वीट किया, “इतनी सर्दी में सैकड़ों गरीब पुरुषों, महिलाओं और बच्चों को खुले में ठिठुरने के लिए छोड़ दिया गया है। एक बच्चे की मौत हो गई। ईश्वर उन्हें कभी माफ नहीं करेगा।”

अरविंद रविवार तड़के दो बजे अतिक्रमण स्थल गए और कहा, “अतिक्रमण स्थल से लौटा हूं। हृदय विदारक दृश्य था। हमारे अपने ही देश के लोग भला कैसे अपने ही देश के गरीबों के साथ ऐसा कर सकते हैं।”

मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता सीताराम येचुरी ने कहा, “अधिकारी बिना सोचे-समझे भला इस तरह कैसे झुग्गियां ढहा सकते हैं, जिससे एक बच्चे की मौत हो गई और झुग्गिवासियों को सर्द रात में खुले आकाश तले रहने को मजबूर होना पड़ा है।”

पीड़ित के शोकाकुल परिवार वालों का आरोप है कि झुग्गियां ढहाने के दौरान कुछ भारी चीज के गिरने के कारण बच्चे की मौत हुई। रेलवे ने हालांकि कहा है कि बच्चे की मौत से उनके इस अभियान का कोई संबंध नहीं है।

रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि झुग्गियां रेलवे की भूमि पर अवैध तरीके से बनाई गई थीं और नई रेल पटरी बिछाने के लिए झुग्गी बस्ती में रहने वालों को वहां से हटने के लिए कह दिया गया था।

केजरीवाल ने कहा है कि उन्होंने अतिक्रमण हटाने के दौरान राहत-व्यवस्था न करने के कारण दो परगना अधिकारियों और एक एसई को निलंबित कर दिया है।

केजरीवाल ने कहा कि जब उन्होंने रेल मंत्री सुरेश प्रभु से इस संबंध में बात की तो उन्होंने कहा कि उन्हें “इस अभियान के बारे में कुछ भी नहीं पता नहीं है।” उन्होंने भी हैरानी जताई।

केजरीवाल ने कहा कि अदालत ने दिल्ली में कुछ अमीर लोगों और राजनीतिज्ञों की संपत्तियों को ढहाने का आदेश दिया है, लेकिन उन आदेशों का कभी पालन नहीं किया गया।

आम आदमी पार्टी (आप) ने झुग्गियां ढहाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाया है। भाजपा और कांग्रेस ने हालांकि केजरीवाल की आलोचना करते हुए कहा कि उन्हें झुग्गियों को ढहाए जाने से पहले कदम उठाना चाहिए था, न कि बाद में।

पुलिस उपायुक्त पुष्पेंद्र कुमार ने कहा है कि यह अभियान रेलवे द्वारा अतिक्रमण हटाने के लिए चलाया गया था।

पुष्पेंद्र ने आईएएनएस से कहा, “यह संपत्ति ढहाने के लिए चलाया गया अभियान नहीं था।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493