छापामारी से बौखलाए केजरीवाल, मोदी को कायर बताया (लीड-2)

नई दिल्ली, 15 दिसम्बर (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने दिल्ली सचिवालय स्थित उनके दफ्तर पर छापा मारा। उन्होंने इसके लिए अप्रत्यक्ष रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्हें ‘कायर व मनोरोगी’ करार दिया।

सीबीआई ने हालांकि स्पष्ट किया कि छापामारी मुख्यमंत्री केजरीवाल नहीं बल्कि उनके सचिव राजेंद्र कुमार के खिलाफ की गई है। वहीं, इस मामले में एक वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री ने मोदी का बचाव करते हुए कहा कि छापामारी से मोदी का कोई लेना-देना नहीं है।

अपने दफ्तर पर सीबीआई की छापामारी से बौखलाए केजरीवाल ने ट्विटर पर लिखा, “मोदी कायर और मनोरोगी हैं।”

उन्होंने इससे पहले ट्विटर पर लिखा था, “सीबीआई ने मेरे कार्यालय पर छापामारी की। मोदी जब मुझे राजनीतिक रूप से नहीं संभाल पाए, तो इस कायरता पर उतर आए।”

वहीं, सीबीआई के एक अधिकारी ने कहा कि केजरीवाल के सचिव राजेंद्र कुमार के खिलाफ अपने सरकारी पद का दुरुपयोग कर पिछले कुछ सालों में एक कंपनी को दिल्ली सरकार के विभागों से टेंडर दिलाने का मामला दर्ज कराया गया है।

अधिकारी ने कहा, “वारंट लेने के बाद ही राजेंद्र कुमार के आवास व दफ्तर की तलाशी ली जा रही है। कुमार के खिलाफ आरोप दिल्ली संवाद आयोग के सदस्य सचिव आशीष कुमार जोशी ने लगाए हैं।”

केजरीवाल ने इसके जवाब में कहा, “सीबीआई झूठ बोल रही है। मेरे खुद के दफ्तर पर छापा मारा गया है। मुख्यमंत्री के दफ्तर की फाइलों को खंगाला जा रहा है। मोदी बताएं कि उन्हें कौन सी फाइल चाहिए?”

केजरीवाल ने कहा कि राजेंद्र तो महज एक बहाना है, दिल्ली के मुख्यमंत्री के कार्यालय को खंगाला जा रहा है।

उन्होंने इस संबंध में ट्वीट की झड़ी लगाते हुए कहा, “मैं ही ऐसा इकलौता मुख्यमंत्री हूं, जिसने स्वयं भ्रष्टाचार के आरोपों पर अपने एक मंत्री व वरिष्ठ अधिकारी को बर्खास्त किया और उनके मामलों को सीबीआई को सौंप दिया।”

ऐसा कहकर वह नौ अक्टूबर को एक बिल्डर से रिश्वत मांगने के मामले में बर्खास्त किए गए अपने खाद्य मंत्री असीम अहमद खान की ओर इशारा कर रहे थे।

केजरीवाल ने कहा, “अगर सीबीआई के पास राजेंद्र के खिलाफ कोई भी सबूत था, तो उसने इसे मारे साथ साझा क्यों नहीं किया? मैं उनके खिलाफ कार्रवाई करता।”

केंद्रीय मंत्री एम. वेंकैया नायडू ने कहा कि केजरीवाल के दफ्तर पर सीबीआई की छापामारी का प्रधानमंत्री से कोई लेना-देना नहीं है।

नायडू ने यहां संवाददाताओं को बताया, “सीबीआई एक स्वतंत्र संगठन है। सरकार इसमें कतई हस्तक्षेप नहीं करती है। आप केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री को कैसे आड़े हाथों ले सकते हैं? प्रधानमंत्री का इससे कुछ लेना-देना नहीं है।”

उन्होंने कहा, “दिल्ली के मुख्यमंत्री के लिए तो हर बात में केंद्र सरकार से तकरार करना और प्रधानमंत्री का नाम लेना फैशन हो गया है।”

कें द्रीय मंत्री ने कहा, “सीबीआई सरकार की छत्रछाया में काम नहीं करती है। वे दिन लद गए हैं, जब कांग्रेस सीबीआई का दुरुपयोग करती थी।”

उधर, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किरण रिजिजू ने इस मुद्दे पर टिप्पणी करने से इंकार कर दिया और कहा, “एजेंसी के काम के बारे में मंत्रियों से मत पूछिए।”

दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्विटर पर लिखा कि सीबीआई छापामारी का डर दिखाकर ईमानदारी वाली राजनीति को रोकने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि लोग सच के साथ हैं और वे लोग अपने इरादों में सफल नहीं होने पाएंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493