निर्यात में लगातार 12वें महीने गिरावट

नई दिल्ली, 15 दिसम्बर (आईएएनएस)। देश का वस्तु निर्यात नवंबर महीने में 24.43 फीसदी गिरावट के साथ 20.01 अरब डॉलर का रहा, जो लगातार 12वें महीने की गिरावट है। यह जानकारी मंगलवार को जारी सरकारी आंकड़ों से मिली।

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़े के मुताबिक, इस दौरान आयात भी 30.26 फीसदी घटकर 29.79 अरब डॉलर रहा। आयात में गिरावट में मुख्य योगदान तेल खर्च में गिरावट का रहा, जो 44.99 फीसदी गिरावट के साथ 6.44 अरब डॉलर दर्ज किया गया।

आयात में भी भारी गिरावट के कारण व्यापार घाटा भी 9.78 फीसदी घटकर 16.236 अरब डॉलर दर्ज किया गया।

नवंबर 2014 में देश का निर्यात और आयात क्रमश: 26.49 अरब डॉलर तथा 42.72 अरब डॉलर था। एक साल पहले तेल आयात पर 11.69 अरब डॉलर खर्च हुआ था।

इस साल गैर तेल आयात 24.7 फीसदी गिरावट के साथ 23.36 अरब डॉलर रहा, जो एक साल पहले 31.02 अरब डॉलर था।

अप्रैल-नवंबर अवधि में निर्यात साल-दर-साल आधार पर 18.46 फीसदी गिरावट के साथ 174.30 अरब डॉलर रहा, जो एक साल पहले 213.77 अरब डॉलर था। आयात इस दौरान 17.21 फीसदी गिरावट के साथ 261.84 अरब डॉलर रहा। इसके कारण व्यापार घाटा 87.54 अरब डॉलर का हुआ, जो एक साल पहले 102.51 अरब डॉलर था।

गत सप्ताह वाणिज्य और उद्योग मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा था कि वैश्विक सुस्ती के कारण निर्यात में गिरावट दर्ज की जा रही है।

उन्होंने कहा था, “हमने मर्के डाइज एक्सपोर्ट इंडिया स्कीम (एमईआईएस) के तहत सहायता दी है। हमने ब्याज छूट भी दी है। इसलिए जल्द ही हम निर्यात बढ़ने की उम्मीद कर रहे हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493