श्रीनगर, 16 दिसम्बर (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में मंगलवार की रात सबसे सर्द रही। बुधवार सुबह भी यहां न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे बना रहा।
क्षेत्रीय मौसम विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “श्रीनगर में बुधवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। यह इस मौसम में अब तक का सबसे कम तापमान था।”
अधिकारी ने कहा कि आसमान साफ होने के चलते अगले 36 घंटों के दौरान भी रात के तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
अधिकारी ने कहा कि पहलगाम में बुधवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 7.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 10 डिग्री सेल्सियस रहा। लद्दाख क्षेत्र के लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 13.8 डिग्री सेल्सियस नीचे और करगिल में शून्य से 14.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
जम्मू क्षेत्र के जम्मू शहर में बुधवार को न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कटरा में माता वैष्णो देवी श्राइन के आधार शिविर में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
अधिकारी ने बताया कि बटोट शहर में न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बन्नीहाल में न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस और भदरवाह में शून्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
कश्मीर घाटी में अत्यधिक ठंड की 40 दिन की लंबी अवधि 21 दिसंबर से शुरू होती है, ‘जिसे चिल्लाई कालान’ कहा जाता है। इस दौरान यहां की झीलें, जलाशय आदि तापमान में भारी गिरावट के कारण जम जाती हैं।
dharmpath.com dharmpath