रांची, 17 दिसम्बर (आईएएनएस)। कांग्रेस ने झारखंड की लोहरदगा विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में जीत हासिल की है। यहां सोमवार को मतदान हुए थे, जिसकी मतगणना गुरुवार को संपन्न हुई।
निर्वाचन आयोग के सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस उम्मीदवार सुखदेव भगत ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन्स (आजसू) की नीरू भगत को हराया, जिन्हें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का समर्थन प्राप्त था।
लोहरदगा विधानसभा सीट आजसू विधायक कमल किशोर भगत को जबरन वसूली के एक मामले में इस साल जुलाई में दोषी ठहराए जाने और सात साल कैद की सजा होने के बाद रिक्त हुई थी।
यहां कुल नौ उम्मीदवार मैदान में थे। तीन प्रमुख उम्मीदवारों में कमल किशोर की पत्नी नीरू, सुखदेव भगत और झारखंड विकास मोर्चा-प्रजातांत्रिक (जेवीएम-पी) के बंधु तिर्की थे।
लोहरदगा विधानसभा सीट के लिए सोमवार यानी 14 दिसम्बर को हुए मतदान में 2.20 लाख योग्य मतदाताओं में से 67 फीसदी ने वोट डाले थे। यह सीट जनजातीय समुदाय के लिए आरक्षित है।
dharmpath.com dharmpath