नोमपेन्ह, 18 दिसम्बर (आईएएनएस)। कंबोडिया के नेशनल बैंक (एनबीसी) ने दक्षिण पूर्व एशियाई राष्ट्रों के संघ, आसियान के समुदाय के गठन के उपलक्ष्य में चांदी का स्मारक सिक्का जारी किया है।
यह जानकारी शुक्रवार को एक आधिकारिक बयान में दी गई है।
आसियान के 10 सदस्यों ने कुआलालंपुर 2015 घोषणा में आसियान समुदाय के गठन पर सहमति जताई थी। समुदाय का गठन 31 दिसंबर को होगा।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, बयान में कहा गया है, “एनबीसी, कंबोडिया सरकार के साथ आसियान सदस्य देशों को क्षेत्रीय सहयोग की दिशा में एक कदम और सफलतापूर्वक बढ़ाने पर बधाई देता है। यह खास उपलब्धि सभी एशियाई देशों के लिए लाभदायक होगी।”
31.1 ग्राम के चांदी के सिक्के पर एक तरफ कंबोडिया के विश्व प्रसिद्ध अंकोर वाट मंदिर की आकृति है और दूसरी तरफ आसियान का ध्वज तथा आसियान में शामिल देशों के ध्वज की तस्वीर बनी हुई है।
बयान में कहा गया है कि एनबीसी इन सिक्कों को प्रति सिक्का 55 डॉलर की दर से बेचेगा। इन सिक्कों को बैंक के मुख्यालय से 25 दिसंबर से खरीदा जा सकेगा।
1967 में अस्तित्व में आए आसियान समूह में ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, म्यांमार, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड और वियतनाम शामिल हैं।
dharmpath.com dharmpath