हैदराबाद मेट्रो रेल का 83 किलोमीटर विस्तार होगा

हैदराबाद, 18 दिसम्बर (आईएएनएस)। तेलंगाना सरकार ने शुक्रवार को कहा कि वह हैदराबाद मेट्रो रेल परियोजना का 83 किलोमीटर अतिरिक्त विस्तार करना चाहती है, ताकि शहर के बाहरी इलाकों तक भी बेहतर संपर्क स्थापित हो सके।

राज्य के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री के. तारकारामा राव के मुताबिक, राज्य सरकार ने हैदराबाद मेट्रो रेल लिमिटेड को दूसरे चरण के तहत परियोजना के विस्तार की योजना तैयार करने को कहा है।

अभी पहले चरण का काम चल रहा है। पहले चरण में तीन गलियारों पर 72 किलोमीटर रेल मार्ग बनेगा। दूसरे चरण में यह बढ़कर 155 किलोमीटर हो जाएगा।

राव ने कुछ अन्य मंत्रियों के साथ शुक्रवार को मेट्टगुड़ा मेट्रो स्टेशन से उप्पल स्टेशन तक मेट्रो रेल की यात्रा की। यात्रा पूरी करने के बाद उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मेट्रो लाइन को बढ़ाकर 200 किलोमीटर तक करना चाहती है, ताकि शहर की एक करोड़ आबादी को समुचित परिवहन सुविधा मिल सके।

राव मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के पुत्र भी हैं। उन्होंने कहा कि परियोजना का 20 किलोमीटर तक का काम पूरा हो चुका है, शेष 52 किलोमीटर हिस्से पर काम जारी है।

मंत्री ने कहा कि संपूर्ण प्रथम चरण आम जनता के लिए अगले साल खोल दिया जाएगा।

प्रस्तावित विस्तार योजना के तहत मेट्रो रेल का विस्तार रायदुर्गम से गच्चीबावली होते हुए शमशाबाद तक किया जाएगा।

राव ने यह भी कहा कि विभिन्न मेट्रो स्टेशनों से आस-पास के इलाकों तक बिजली से चलने वाली बसें भी चलाई जाएगी।

परियोजना का काम लार्सन एंड टुब्रो कर रही है। परियोजना पर 14,132 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसे सार्वजनिक-निजी भागीदारी के तहत दुनिया की सबसे बड़ी परियोजना माना जा रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493