जयपुर, 20 दिसम्बर (आईएएनएस)। वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) विधेयक पारित होने में हो रही देरी के बाद भी इसके कई प्रावधानों का लाभ उद्योग को अलग तरह से पहुंचाया जाएगा।
केंद्रीय बिजली मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को यहां रोटरी इंस्टीट्यूट में कहा, “जीएसटी यदि संसद में पारित नहीं होगा, तब भी हम इस विधेयक का लाभ अलग तरह से लाएंगे, ताकि उद्योग और व्यापार को नुकसान न हो।”
जीएसटी विधेयक लोकसभा में तो मई में पारित हो चुका है, लेकिन राज्यसभा में यह अटक गया है, जहां सत्ता पक्ष अल्पमत में है।
गोयल ने कहा, “बिहार विधानसभा चुनाव का परिणाम हमारे लिए कोई धक्का नहीं है। हर राज्य के चुनाव का अपना अलग समीकरण होता है। हम विकास पर ध्यान देते रहेंगे।”
राज्यसभा के सभापति हामिद अंसारी द्वारा शुक्रवार को आहूत सर्वदलीय बैठक में शीत सत्र की शेष अवधि में राज्यसभा में पारित करने के लिए कई विधेयकों पर सहमति बन गई थी, लेकिन जीएसटी विधेयक पर कोई सहमति नहीं बन पाई।
dharmpath.com dharmpath