पीडब्ल्यूएल : बेंगलुरू ने पंजाब को हरा उम्मीदें कायम रखीं

ग्रेटर नोएडा, 20 दिसम्बर (आईएएनएस)। बेंगलुरू योद्धाज ने रविवार को प्रो रेसलिंग लीग (पीडब्ल्यूएल) में पंजाब रॉयल्स को 5-2 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश करने की अपनी उम्मीदें कायम रखी हैं।

लीग चरण के चार मैचों में बेंगलुरू की यह दूसरी जीत है।

इस जीत के साथ बेंगलुरू, पंजाब के साथ संयुक्त रूप से अंकतालिका में दूसरे पायदान पर पहुंच गया। पंजाब भी अब तक चार मैचों में दो जीत ही हासिल कर सका है।

हरियाणा हैमर्स और मुंबई गरुड़ाज अंकतालिका में छह-छह अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं।

यूरोपीयन चैम्पियन रह चुके पाव्लो ओलियनिक ने पंजाब के मौसम खत्री को पुरुषों के 97 किलोग्राम भारवर्ग के मुकाबले में हराकर बेंगलुरू को विजयी शुरुआत दिलाई।

दोनों पहलवानों के बीच मुकाबला 4-4 पर खत्म हुआ, लेकिन तकनीकी आधार पर यूक्रेन के पाव्लो विजेता करार दिए गए।

महिलाओं के 48 किलोग्राम भारवर्ग में हुए दूसरे मुकाबले में बेंगलुरू के लिए खेल रहीं अमेरिकी महिला पहलवान एलिसा लाम्पे ने इंग्लैंड की पहलवान याना रैटिगन को 24-14 से हराकर बेंगलुरू की बढ़त को दोगुना कर दिया।

पंजाब के लिए हालांकि मौजूदा विश्व चैम्पियन व्लादिमीर खिनचेगाश्विली ने अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए पुरुषों के 57 किलोग्राम भारवर्ग में बेंगलुरू के संदीप तोमर को 12-2 से पटखनी दे दी और पंजाब का खाता खोला।

ललिता बाबर ने हालांकि महिलाओं के 53 किलोग्राम भारवर्ग में पंजाब की प्रियंका फोगट को 3-1 से हराकर बेंगलुरू को फिर से जीत की पटरी पर ला दिया।

पुरुषों के 125 किलोग्राम भारवर्ग के तहत हुआ अगला मुकाबला हालांकि सात बाउट तक चला। बेंगलुरू के डेविट मोद्जमानश्विली ने पंजाब के जारगालसाईखान चुलूंगबाट को 5-1 से हराया और पंजाब को 4-1 से अजेय बढ़त दिला दी।

पंजाब के लिए गीता फोगट ने महिलाओं के 58 किलोग्राम भारवर्ग में यूलिया राटकेविच को 9-8 से हराकर अपनी टीम को दूसरी जीत दिलाई।

बेंगलुरू के लिए अंतत: विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक विजेता रहे नरसिंह पंचम यादव ने पंजाब के परवीन राणा को 6-3 से मात देकर पंजाब को दमदार जीत दिलाई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493