भोपाल, 21 दिसंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश की राजधानी के रातीबड़ थाना क्षेत्र में कर्ज से परेशान किसान मनोहर मेवाड़ा (50) ने सेामवार को पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। मनोहर की दो बेटियां विवाह योग्य हैं।
पुलिस के अनुसार, मुगलिया छाप में रहने वाले मनोहर की सीहोर जिले में ढाई एकड़ खेती जमीन है। वह सोमवार की अलस्सुबह लगभग तीन बजे घर से हनुमान मंदिर दर्शन के लिए निकला था, मगर घर नहीं लौटा, सुबह 10 बजे मनोहर के बेटे हुकुम सिंह को ग्रामीण ने सूचना दी कि उनके पिता का शव पेड़ से फांसी के फंदे से लटका हुआ है।
रातीबड़ के थाना प्रभारी पूर्णेदु सिंह ने आईएएनएस को बताया कि मनोहर प्रतिदिन प्राचीन हनुमान मंदिर दर्शनों को जाता था, सोमवार को भी वह दर्शन करने गया था, मगर उसका शव पेड़ से लटका मिला। गांव में लोगों से पूछताछ में पता चला है कि मनोहर की दो बेटियां विवाह योग्य है। वहीं मनोहर के बेटे हुकुम सिंह की शादी की भी तैयारी चल रही थी।
किसान आत्महत्या की जांच के लिए गांव पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों को गांव वालों ने बताया है कि मनोहर की दो बेटियां शादी के योग्य हैं, उसने कई लोगों से कर्ज ले रखा था, बढ़ते कर्ज से वह परेशान था। आत्महत्या का कारण भी कर्ज ही है।
रातीबड़ के थाना प्रभारी सिंह के मुताबिक, पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और मामले की जांच चल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही आत्महत्या की वजह सामने आ सकेगी।
dharmpath.com dharmpath