असम चुनाव के लिए संवेदनशील जगहों का खाका बनाने का निर्देश

गुवाहाटी, 22 दिसम्बर (आईएएनएस)। निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को कहा कि अगले साल असम में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष तरीके से विधानसभा चुनाव संपन्न कराने के लिए उसने असम के समस्त जिला पुलिस प्रमुखों व जिलाधिकारियों को सभी संवेदनशील जगहों का खाका तैयार करने को कहा है।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त नसीम जैदी ने यहां मंगलवार को कहा, “राजनीतिक दलों ने हमें इस बात से अवगत करा दिया है कि आगामी चुनाव में पैसे और बाहुबल की बड़ी भूमिका हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा है कि निर्वाचन आयोग को इस बात को सुनिश्चित करना चाहिए कि चुनाव प्रक्रिया में संलग्न राज्य के सभी सरकारी अधिकारी तटस्थ रहेंगे।”

उन्होंने कहा, “जिलाधिकारियों व पुलिस अधीक्षकों को उन गुंडों और अपराधियों की गहन जांच का निर्देश दिया गया है, जो हिंसा की घटनाओं में संलग्न रहे हैं और ऐसे सभी लोगों पर निगरानी रखने का भी निर्देश दिया गया है।”

इस दौरान, जैदी के साथ चुनाव आयुक्त ए.के.ज्योति व ओ.पी.रावत भी मौजूद थे।

जैदी ने कहा, “हम विशेष सुरक्षा बलों के साथ अधिकांश मतदान केंद्रों की निगरानी का प्रयास करेंगे। हम सभी मतदान केंद्रों पर केंद्रीय पुलिस बलों की तैनाती सुनिश्चित करेंगे।”

मतदाता फोटो पहचान पत्र (ईपीआईसी) पर जोर देते हुए जैदी ने कहा कि वह असम चुनाव में प्रत्येक मतदाता के पास पहचान पत्र को सुनिश्चित करेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493